रुड़की:- रुड़की बीडीओ ने पशु चिकित्साधिकारी पर असभ्य भाषा का प्रयोग व धमकाने का आरोप लगाया है। बीडीओ ने इस मामले की शिकायत मुख्य विकास अधिकारी से करते हुए कार्रवाई की मांग की है।
पशु चिकित्सालय भवन के निर्माण के समय भी भूमि को लेकर ब्लाक प्रशासन व पशुपालन विभाग के बीच विवाद की स्थिति हो गई थी। उस समय जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हो गया था। गुरुवार को पशु चिकित्सालय और ब्लाक परिसर के बीच बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया जा रहा था। ब्लाक अधिकारियों ने इस पर आपत्ति जताते हुए कहा कि पशु चिकित्सालय के बराबर में एनआरएलएम का भवन बना हुआ है और बाउंड्रीवाल भी उसी भवन की सीमा से मिलाकर बननी चाहिए, जबकि दूसरी ओर पशुपालन विभाग का कहना था कि भवन की निर्धारित सीमा के आधार पर ही निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इस निर्माण की जानकारी मिलने पर खंड विकास अधिकारी सुमन कुटियाल ने मौके पर पहुंचकर निर्माण पर आपत्ति जताई। पता चलने पर पशु चिकित्साधिकारी रोहित सिंह भी वहां आए गए। इस दौरान दोनों के बीच नोकझोंक हो गई। बीडीओ सुमन कुटियाल का आरोप है कि पशु चिकित्सा अधिकारी ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। उन्होंने बताया कि ब्लाक परिसर की जमीन पहले ही पशु चिकित्सालय के निर्माण के लिए दी जा चुकी है। उस समय यह आश्वासन दिया गया था कि भविष्य में जमीन को लेकर कोई विवाद नहीं होगा। दूसरी ओर पशु चिकित्सा अधिकारी रोहित सिंह ने बदसलूकी व अभद्र व्यवहार के आरोपों को निराधार बताया है।
© Roorkee Aapki Aawaj. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies