logo


News

शराब के नशे में अनियंत्रित कार सवार युवक का कहर, कई लोगों को मारी टक्कर,कई वाहन क्षतिग्रस्त!

रुड़की:- शहर में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का एक मामला सामने आया है। आरोप है कि शराब के नशे में धुत एक कार सवार युवक ने अपनी गाड़ी से कई लोगों को टक्कर मार दी।  हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि सड़क किनारे खड़े तीन वाहन भी कार की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई और लोगों ने कार सवार युवक को पकड़ लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना कल शाम करीब आठ बजे की है। एक युवक अपनी कार में सवार होकर रुड़की की ओर से हरिद्वार की तरफ जा रहा था। इसी दौरान उसकी कार अनियंत्रित हो गई और उसने सड़क पर जा रहे कई लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि कार की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। इसके बाद कार ने सड़क किनारे खड़े तीन अन्य वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वे क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को आसपास के निजी अस्पतालों में पहुंचाया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया। बताया जा रहा है कि दो से तीन घायलों की हालत गंभीर होने के चलते उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है। वहीं ब्रह्मपुर निवासी ऋषिपाल को भी हादसे में काफी गंभीर चोटें आई हैं। उनकी हालत को देखते हुए परिजन उन्हें रुड़की के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
ऋषिपाल के रिश्तेदारों ने बताया कि वह सड़क किनारे से गुजर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आई एक कार ने उन्हें टक्कर मार दी। रिश्तेदारों का आरोप है कि कार चला रहा युवक शराब के नशे में लग रहा था और उसने कई लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।
उधर, घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार सहित युवक को अपने साथ सिविल लाइंस कोतवाली ले गई। पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक रुड़की का ही रहने वाला है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। हालांकि युवक के शराब के नशे में होने की आधिकारिक पुष्टि और हादसे में घायलों की वास्तविक संख्या पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Roorkee Aapki Aawaj
Get In Touch

Editor in Chief - Deepak Sharma

Roorkee

+91-9058443569

news@roorkeeaapkiaawaj.in

Follow Us

© Roorkee Aapki Aawaj. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies