रुड़की:- कोतवाली गंगनहर पुलिस ने युवक पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने के आरोप में दर्ज मुकदमे में फरार चल रहे वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से देशी तमंचा और जिंदा कारतूस भी बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी अपने पिता की हत्या के मामले में भी जेल जा चुका है और फिलहाल जमानत पर बाहर था।
पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर 2026 को सुभाषनगर निवासी एक महिला ने कोतवाली गंगनहर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि कुछ लोग घातक हथियारों से लैस होकर उसके बेटे की हत्या की नीयत से पहुंचे और उस पर फायरिंग की। आरोपियों ने युवक को जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 363/26 दर्ज करते हुए धारा 109(1) और 351(3) बीएनएस के तहत कार्रवाई शुरू की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने आरोपियों की तलाश के साथ ही घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों को जुटाना शुरू किया। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से वांछित आरोपी के संबंध में सूचना मिली।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए सोमवार, 5 अक्टूबर को लाठरदेवा अंडरपास के पास से वांछित आरोपी अनुराग चौधरी पुत्र स्वर्गीय जोगेंद्र चौधरी, निवासी पनियाला रोड, कोतवाली गंगनहर, उम्र करीब 22 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 315 बोर का एक देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी अनुराग चौधरी पूर्व में अपने पिता की हत्या के मामले में जेल जा चुका है और वर्तमान में जमानत पर बाहर चल रहा था। अब उसके खिलाफ युवक पर फायरिंग के मामले में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक पंकज कुमार, उपनिरीक्षक नवीन कुमार, हेड कांस्टेबल दुर्गा, कांस्टेबल राकेश और कांस्टेबल नितिन शामिल रहे।
© Roorkee Aapki Aawaj. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies