logo


News

गैंगवार के बाद भी नहीं चेता जेल प्रशासन, बिना जांच जेल में पहुंच रहे डिलीवरी बॉय,जेल के मुख्य गेट पर सुरक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में, ऑनलाइन सामान पहुंचाने वालों की नहीं हो रही तलाशी?

रुड़की:- रुड़की जेल में गैंगवार और जेलर की हत्या जैसी गंभीर घटनाओं के बाद भी जेल प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहा है। अतिसंवेदनशील श्रेणी में आने वाली जेल के मुख्य गेट पर ही सुरक्षा के नियमों की अनदेखी की जा रही है। ऑनलाइन सामान पहुंचाने वाले डिलीवरी बॉय बिना किसी जांच और रोकटोक के जेल परिसर में प्रवेश कर रहे हैं। इतना ही नहीं वह जेल परिसर में बने सरकारी आवासों तक भी आसानी से पहुंच रहे हैं। ऐसे में जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

जेलर हत्याकांड और गैंगवार के बाद से ही रुड़की जेल अतिसंवेदनशील श्रेणी में आती है। गैंगवार के बाद जेल काफी सुर्खियों में रही थी। इसके बाद जेल के अंदर सख्ती बढ़ा दी थी। इस बीच एक बंदी से मिलने आई महिला के थैले से संदिग्ध वस्तु मिली थी। इसके अलावा जेल में रहते हुए एक बदमाश के भाई के पास से मिलाई के दौरान लंच बॉक्स से कारतूस मिला था। तभी से रुड़की जेल पर अधिकारियों की पैनी नजर है। लेकिन वर्ततान स्थिति इससे उलट नजर आ रही है। अतिसंवेदनशील जेल होने के बाद भी जेल प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए हैं। ऑनलाइन डिलीवरी के नाम पर आने वाले कर्मचारियों की पहचान और उनके सामान की जांच को लेकर लापरवाही सामने आ रही है। मुख्य गेट पर तैनात सुरक्षा कर्मियों की ओर से डिलीवरी कर्मचारियों को रोककर पूछताछ करने या उनके सामान की तलाशी लेने की व्यवस्था प्रभावी नजर नहीं आ रही। इससे कोई भी बाहरी व्यक्ति आसानी से जेल परिसर के भीतर तक पहुंच सकता है। सबसे गंभीर पहलू यह है कि डिलीवरी कर्मचारी जेल के सरकारी आवासों तक पहुंच रहे हैं। ऐसे में उनके आने-जाने और परिसर की गतिविधियों पर नजर रखने की आशंका को भी नकारा नहीं जा सकता। जेल के भीतर और आसपास की सुरक्षा व्यवस्था की संवेदनशीलता को देखते हुए इस तरह की छूट भविष्य में किसी बड़ी घटना का कारण बन सकती है। सवाल यह भी है कि जब जेल में प्रवेश करने वाले हर व्यक्ति की जांच जरूरी है तो ऑनलाइन डिलीवरी करने वालों को इससे अलग क्यों रखा जा रहा है।

रोजाना वीडियो हो रही वायरल

जेल के अंदर से रिहा होने वाले लोगों की जेल के गेट पर फूल माला से सम्मानित करने वाली वीडियो आए दिन वायरल हो रही है। जेल के मुख्य गेट पर ही गाड़ियों का काफिला और भारी भीड़ उमड़ती है। बावजूद इसके जेल प्रशासन सुरक्षा के प्रति गंभीर नजर नहीं आ रहा है। इतना ही नहीं जेल गेट पर तैनात होने वाले सुरक्षाकर्मी भी वीडियो बनाने वालों को कोई रोकटोक नहीं करते हैं। जिसके चलते यह प्रचलन से तेजी से बढ़ रहा है। जो भविष्य में किसी अनहोनी की तरफ इशारा कर रहा है।

जेल के बाहर खड़े हो रहे लोडर वाहन

जेल के बाहर लोडर वाहनों का खड़ा होना भी सुरक्षा के लिहाज से चिंता का विषय है। जेल के मुख्य गेट के आसपास बाहरी वाहनों की मौजूदगी से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। गैंगवार और जेलर की हत्या जैसी घटनाओं के बाद भी जेल के बाहर वाहनों का खड़ा होना जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल है। यह लोडर वाहन इतने ऊंचे हैं कि बाहर से जेल की दीवार से अंदर का नजारा आसानी से दिख सकता है। बावजूद इसके इन पर कार्रवाई नहीं की जा रही है।

Roorkee Aapki Aawaj
Get In Touch

Editor in Chief - Deepak Sharma

Roorkee

+91-9058443569

news@roorkeeaapkiaawaj.in

Follow Us

© Roorkee Aapki Aawaj. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies