logo


News

ज़मानत पर चीनू पंडित की जेल से रिहाई,गैंगवार की आशंका को देखते हुए पुलिस रही अलर्ट!

रुड़की:- आज मंगलवार देर शामविनीत शर्मा उर्फ़ चीनू पंडित के रुड़की जेल से जमानत पर रिहा होने के बाद पुलिस और खुफिया विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गए हैं। पुलिस को आशंका है कि उसकी रिहाई के बाद पुराने आपराधिक विवाद एक बार फिर तूल पकड़ सकते हैं, जिसके चलते किसी भी अप्रिय घटना की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, चीनू पंडित के जेल से बाहर आते ही पुलिस ने अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर दिया है। उसके संपर्क में आने वाले लोगों पर विशेष नजर रखी जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों की लगातार निगरानी की जा रही है। स्थानीय पुलिस के साथ-साथ खुफिया विभाग भी स्थिति पर पैनी नजर बनाए हुए है।

पुलिस अधिकारियों का मानना है कि चीनू पंडित और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुख्यात अपराधी सुनील राठी के बीच वर्षों पुरानी दुश्मनी रही है। यही वजह है कि सुरक्षा एजेंसियां किसी भी संभावित गैंगवार की आशंका को गंभीरता से ले रही हैं। पुलिस नहीं चाहती कि पुराने आपराधिक गुटों के बीच टकराव की स्थिति बने और क्षेत्र का कानून-व्यवस्था प्रभावित हो। 

गौरतलब है कि वर्ष 2014 में रुड़की जेल से रिहा होने के दौरान चीनू पंडित पर जानलेवा हमला हुआ था। उस समय हुए हमले में उसके तीन साथियों की मौत हो गई थी, जबकि उसका भाई मोनू पंडित गंभीर रूप से घायल हो गया था। इस हमले के पीछे सुनील राठी गिरोह का नाम सामने आया था। तब से दोनों पक्षों के बीच अदावत की चर्चाएं लगातार होती रही हैं। चीनू की रिहाई के बाद एक बार फिर पुराने घटनाक्रम चर्चा में हैं। पुलिस अधिकारियों ने संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अपराधियों और उनके करीबियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए विशेष टीमों को भी सक्रिय किया गया है। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है और किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि या गैंगवार की कोशिश को सख्ती से कुचला जाएगा। फिलहाल चीनू पंडित की रिहाई के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।

*इन मामलों में मिली जमानत*

उप जिला कारागार रुड़की में निरुद्ध विनीत शर्मा उर्फ चीनू पंडित को आज मंगलवार शाम जमानत पर रिहा कर दिया गया। कारागार प्रशासन के अनुसार चीनू पंडित को शाम 6:20 बजे जेल से रिहा किया गया। चीनू पंडित धारा 304/34 आईपीसी व आर्म्स एक्ट तथा गैंगस्टर एक्ट के तहत निरुद्ध था। संबंधित मामलों में एडीजे प्रथम रुड़की तथा स्पेशल जज गैंगस्टर कोर्ट हरिद्वार द्वारा उसे जमानत प्रदान की गई।

Roorkee Aapki Aawaj
Get In Touch

Editor in Chief - Deepak Sharma

Roorkee

+91-9058443569

news@roorkeeaapkiaawaj.in

Follow Us

© Roorkee Aapki Aawaj. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies