रुड़की:- पाकिस्तान से जुड़े करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेनदेन की जांच में जुटी जम्मू-कश्मीर पुलिस ने गुरुवार को एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए सोनम की करीबी दोस्त पूजा को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर जम्मू लेकर रवाना हो गई। पूजा की गिरफ्तारी से आसफनगर गांव में हड़कंप मच गया है और पूरे क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है।
सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान पूजा की भूमिका संदिग्ध पाई गई थी। बताया जा रहा है कि पुलिस टीम ने बुधवार को ही क्षेत्र में डेरा डाल दिया था और गोपनीय तरीके से पूजा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपों की पुष्टि होने पर उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया।
जांच में यह भी सामने आया है कि पूजा के पास से कई बैंक खातों और एटीएम कार्डों की जानकारी मिली है। इसके अलावा उसके मोबाइल फोन से कई संदिग्ध मोबाइल नंबर बरामद हुए हैं, जिनकी गहन जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इन खातों और नंबरों का इस्तेमाल किन लोगों द्वारा और किस उद्देश्य से किया जा रहा था।
गौरतलब है कि इसी मामले में 24 मई को जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सोनम को गिरफ्तार किया था। आरोप है कि वह कमीशन के लालच में विभिन्न बैंक खातों के माध्यम से करोड़ों रुपये के ट्रांजेक्शन करवा रही थी। जांच एजेंसियों के मुताबिक, सोनम ने इस काम के बदले करीब 20 लाख रुपये कमीशन के रूप में कमाए थे। उसके मोबाइल और बैंकिंग रिकॉर्ड की जांच के बाद कई नए नाम सामने आए, जिनमें पूजा का नाम भी शामिल बताया जा रहा है।
अब जांच एजेंसियों को शक है कि पूजा भी इसी नेटवर्क का हिस्सा हो सकती है और उसने भी संदिग्ध लेनदेन के जरिए लाखों रुपये की कमाई की है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है और जांच जारी है। स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा की जा रही जांच में हरसंभव सहयोग दिया जा रहा है। वहीं, सोनम के बाद पूजा की गिरफ्तारी से गांव के लोग भी स्तब्ध हैं। मामले में आगे और गिरफ्तारियों की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है।
© Roorkee Aapki Aawaj. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies