logo


News

हाल ही मे जमानत पर रिहा हुए गैंगस्टर को पुलिस की दो टूक,अपराध किया तो नहीं मिलेगी कोई रियायत!और गुर्गों की हरकतों का भी देना होगा जवाब? पुलिस दफ्तर बुलाकर दी चेतावनी!घर आने-जाने वालों की भी बन रही कुंडली!

रुड़की:- एक गैंगस्टर जो हाल फिलहाल जेल से जमानत पर बाहर आया हैं उस पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरु कर दिया है। पुलिस अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को उसे दफ्तर में बुलाकर साफ और सख्त शब्दों में चेतावनी दी कि यदि भविष्य में उसका नाम किसी भी आपराधिक गतिविधि में सामने आया तो कानून किसी तरह की रियायत नहीं देगा। अधिकारियों ने दो टूक कहा कि अपराध की दुनिया में दोबारा कदम रखा तो कार्रवाई सीधे और कड़ी होगी। सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने गैंगस्टर को यह भी स्पष्ट कर दिया कि सिर्फ उसकी ही नहीं, बल्कि उसके गुर्गों और करीबी साथियों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है। अधिकारियों ने हिदायत दी कि यदि उसके किसी गुर्गों ने भी कोई गैरकानूनी काम किया तो उनके साथ-साथ उसकी भूमिका की भी जांच होगी और जरूरत पड़ने पर उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि पुलिस के सामने गैंगस्टर ने दावा किया है कि वह अब अपराध की दुनिया से पूरी तरह दूरी बनाना चाहता है। उसने अधिकारियों से कहा कि भविष्य में वह किसी भी आपराधिक गतिविधि में शामिल नहीं होगा और अब समाज सेवा के कार्यों पर ध्यान देना चाहता है। हालांकि पुलिस उसके इस दावे को लेकर पूरी तरह आश्वस्त नहीं दिख रही है। इधर, पुलिस और खुफिया विभाग ने गैंगस्टर के घर आने-जाने वालों पर भी पैनी नजर जमा दी है। सूत्र बताते हैं कि उसके संपर्क में रहने वाले लोगों का पूरा ब्यौरा जुटाया जा रहा है। पुलिस मिलने आने वालों के नाम,पते और मोबाइल नंबरों की सूची तैयार कर रही है।

पुलिस का मानना है कि यदि भविष्य में किसी तरह की आपराधिक गतिविधि सामने आती है तो यह जानकारी जांच में अहम साबित होगी। फिलहाल गैंगस्टर और उसके पूरे नेटवर्क पर देहरादून से लेकर हरिद्वार की सुरक्षा एजेंसियों की नजर टिकी हुई है, जिससे इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है।

Roorkee Aapki Aawaj
Get In Touch

Editor in Chief - Deepak Sharma

Roorkee

+91-9058443569

news@roorkeeaapkiaawaj.in

Follow Us

© Roorkee Aapki Aawaj. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies