रुड़की। शहर में प्रतिबंधित पॉलिथीन और सिंगल-यूज प्लास्टिक के बढ़ते चलन को रोकने और इसके खिलाफ प्रभावी कानूनी कार्रवाई करने की मांग को लेकर आज 'प्रयास फाउंडेशन ट्रस्ट' के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य नगर अधिकारी (MNA), नगर निगम रुड़की से मुलाकात की और उन्हें एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर स्थानीय पार्षद और सामाजिक कार्यकर्ता भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
प्रयास फाउंडेशन ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष एवं उत्तराखंड सरकार के वन एवं पर्यावरण के पूर्व सदस्य विकास त्यागी ने कहा"सरकार द्वारा सिंगल-यूज प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध होने के बावजूद रुड़की के मुख्य बाजारों और सब्जी मंडियों में इसका धड़ल्ले से इस्तेमाल हो रहा है। इसके कारण शहर का ड्रेनेज सिस्टम चोक हो रहा है, जिससे हल्की बारिश में भी जलभराव की स्थिति बन जाती है।
इसके अलावा, प्लास्टिक खाने से बेसहारा गोवंश व अन्य मूक पशु असमय काल के ग्रास बन रहे हैं। प्रशासन को अब मूकदर्शक बने रहने के बजाय पॉलिथीन के थोक स्टॉकर्स और विक्रेताओं पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई करनी होगी।प्रतिनिधिमंडल में शामिल प्रधानाचार्य डॉ. अमरदीप पुंडीर और एडवोकेट विशेष त्यागी ने संयुक्त रूप से कहा कि प्लास्टिक कचरे के कारण जनस्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। डंपिंग साइट्स पर जमा प्लास्टिक में पानी रुकने से डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियां फैल रही हैं, वहीं प्लास्टिक को जलाने से वायु प्रदूषण खतरनाक स्तर पर पहुंच रहा है। उन्होंने मांग की कि नगर निगम को तुरंत सघन चेकिंग और चालान अभियान शुरू करना चाहिए।
ट्रस्ट के वरिष्ठ सदस्य नीरज चौधरी और हार्दिक त्यागी ने प्रशासनिक कार्रवाई के साथ-साथ जन-भागीदारी पर जोर देते हुए कहा:"सिर्फ चालान से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। नगर निगम को सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से मुख्य बाजारों में 'थैला बैंक' (कपड़े के थैले के काउंटर) स्थापित करने चाहिए और एक व्यापक संयुक्त जागरूकता अभियान चलाना चाहिए ताकि नागरिक स्वयं पॉलिथीन का बहिष्कार करने के लिए आगे आएं।
इस दौरान 'स्वच्छ रुड़की, स्वस्थ रुड़की' के संकल्प को पूरा करने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी अपना समर्थन दिया। इस अवसर पर मुख्य रूप से सौरभ त्यागी सदस्य प्रयास फाउंडेशन ट्रस्ट, पार्षद आकाश जैन, अमित कुमार पार्षद, अनुज सैनी, मोहित त्यागी सदस्य प्रयास फाउंडेशन ट्रस्ट, विनय कुमार, विक्रांत पुंडीर सहित प्रयास फाउंडेशन ट्रस्ट के कई पदाधिकारी और गणमान्य पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे।
मुख्य नगर अधिकारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जल्द ही शहर में पॉलिथीन के खिलाफ बड़ा अभियान चलाने का आश्वासन दिया है।
© Roorkee Aapki Aawaj. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies