logo


News

कांवड़ यात्रा-2026: इन नियमों की अनदेखी पड़ सकती है भारी,पुलिस ने जारी की सख्त चेतावनी..

हरिद्वार। आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए हरिद्वार पुलिस ने समस्त कांवड़ यात्रियों का स्वागत करते हुए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं। पुलिस एवं जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी शिवभक्तों से नियमों का पालन करते हुए प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है।

हरिद्वार पुलिस ने कहा है कि कांवड़ यात्रा में जुगाड़ वाहनों और रेट्रो साइलेंसर वाले वाहनों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। वहीं पैदल जल लेकर जाने वाले शिवभक्तों की कांवड़ की ऊंचाई छह फीट तथा कांवड़ झांकियों की ऊंचाई 10 फीट से अधिक नहीं होनी चाहिए, ताकि ऊंची विद्युत लाइनों से टकराने जैसी दुर्घटनाओं से बचा जा सके और अन्य श्रद्धालुओं को भी किसी प्रकार की असुविधा न हो।

पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि यात्रा के दौरान भाला, त्रिशूल, तलवार या किसी भी प्रकार के नुकीले हथियार लेकर चलना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा हरिद्वार में शराब एवं किसी भी प्रकार के मादक पदार्थों का सेवन या उनके प्रभाव में प्रवेश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। हर कांवड़ यात्री से अपने साथ वैध पहचान पत्र रखने की अपील की गई है। रेलवे से यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को चेतावनी दी गई है कि चलती ट्रेन की छत या अन्य असुरक्षित स्थानों पर यात्रा करना कानूनन अपराध है। ऐसा करने वालों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हरिद्वार पुलिस ने श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार के विवाद, मारपीट या तनाव की स्थिति उत्पन्न न होने दें। पुलिस ने कहा कि कांवड़ यात्रा का उद्देश्य भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करना है, न कि अशांति या अव्यवस्था फैलाना। हरिद्वार पुलिस ने सभी शिवभक्तों से अपील की है कि पुलिस एवं जिला प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें, सहयोग बनाए रखें और कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, अनुशासित एवं सफल बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

Roorkee Aapki Aawaj
Get In Touch

Editor in Chief - Deepak Sharma

Roorkee

+91-9058443569

news@roorkeeaapkiaawaj.in

Follow Us

© Roorkee Aapki Aawaj. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies