रुड़की:- प्रेस क्लब रुड़की द्वारा प्रेस क्लब भवन में संचालित कांवड़ सेवा शिविर में गुरुवार को सेवा, समर्पण और सामाजिक सरोकारों की अनूठी मिसाल देखने को मिली। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं सीओ रुड़की ओसीन जोशी ने शिविर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और प्रेस क्लब द्वारा शिवभक्तों के लिए किए जा रहे सेवा कार्यों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। इस अवसर पर प्रेस क्लब रुड़की के पदाधिकारियों एवं सदस्यों द्वारा सीओ ओसीन जोशी का भगवान शिव की सुंदर प्रतिमा स्मृति-चिह्न भेंट कर भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। वहीं, पूर्व सभासद ईश्वरलाल शास्त्री एवं उनके परिवार द्वारा शिवभक्त कांवड़ियों को आइसक्रीम का वितरण कर सेवा भाव का परिचय दिया गया। अपने संबोधन में सीओ ओसीन जोशी ने कहा कि पत्रकारिता का वास्तविक उद्देश्य केवल समाचार प्रकाशित करना नहीं, बल्कि समाज के सुख-दुख में सहभागी बनकर सेवा का उदाहरण प्रस्तुत करना भी है। उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब रुड़की ने कांवड़ यात्रा के दौरान भंडारा और स्वास्थ्य शिविर लगाकर जिस प्रकार हजारों शिवभक्तों की सेवा का बीड़ा उठाया है, वह वास्तव में प्रशंसनीय और प्रेरणादायक है। उन्होंने प्रेस क्लब अध्यक्ष दीपक मिश्रा एवं उनकी पूरी टीम को इस पुनीत कार्य के लिए बधाई देते हुए कहा कि ऐसे सामाजिक प्रयास समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और दूसरों को भी सेवा के लिए प्रेरित करते हैं। कार्यक्रम के दौरान "हर-हर महादेव" और "बम-बम भोले" के जयघोष से पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में गूंज उठा। बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने भंडारे का प्रसाद एवं आइसक्रीम ग्रहण कर आयोजकों के सेवा भाव की सराहना की।
© Roorkee Aapki Aawaj. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies