रुड़की:- रसूलपुर गांव में करीब 20 दिन से बंद एसएसबी जवान के मकान को चोरों ने निशाना बना लिया। ताला तोड़कर घर में घुसे चोर सोने के जेवर, नकदी और घरेलू सामान समेत लाखों रुपये का माल समेट ले गए। इतना ही नहीं, घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर और एलसीडी भी उखाड़कर ले गए, ताकि चोरी का कोई सुराग न मिल सके। परिवार के लौटने पर चोरी का पता चला तो हड़कंप मच गया। ग्राम रसूलपुर निवासी तसलीम अहमद एसएसबी में कांस्टेबल हैं और वर्तमान में श्रीनगर गढ़वाल में तैनात हैं। पत्नी की तबीयत खराब होने पर वह 15 जुलाई को छुट्टी लेकर रुड़की आए थे। पत्नी को गणेशपुर स्थित अभिलाषा नर्सिंग होम में दिखाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें देहरादून रेफर कर दिया। इसके बाद तसलीम पत्नी को उपचार के लिए ग्राफिक एरा अस्पताल ले गए। वहां करीब सात-आठ दिन इलाज कराने के बाद पत्नी की तबीयत में सुधार हुआ। इसके बाद दोनों रुड़की में तसलीम के भाई के यहां रहने लगे। रसूलपुर स्थित उनका मकान इस दौरान बंद रहा। छह अगस्त की शाम करीब 7:15 बजे तसलीम घर पहुंचे। जैसे ही उन्होंने ताला खोला और अंदर कदम रखा, कमरों में सामान बिखरा देखकर उनके होश उड़ गए। जांच करने पर घर से चोरी होने का पता चला। तहरीर के मुताबिक चोर पत्नी के सोने के जेवर, नकदी, गैस सिलेंडर, इनवर्टर, मिक्सर-जूसर, कपड़े, तीन पुराने मोबाइल फोन, सैमसंग का टैबलेट, बर्तन, पर्स और गुल्लक में रखी नकदी समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए। चोरों ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर और एलसीडी भी नहीं छोड़ा।तसलीम ने आठ अगस्त को गंगनहर कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के मकानों और रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। करीब 20 दिन तक बंद रहे मकान में चोरी करने वाले चोरों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने जांच तेज कर दी है।
© Roorkee Aapki Aawaj. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies