रुड़की:- भारतीय ब्राह्मण समाज रुड़की की महिला शाखा की ओर से श्री गार्डन, आदर्श नगर में हरियाली तीज उत्सव हर्षोल्लास और पारंपरिक रंग में मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता दीपा कौशिक ने की, जबकि पुष्पा शर्मा और रीमा शर्मा ने संयुक्त रूप से संचालन किया।
कार्यक्रम में महिलाओं ने नृत्य, गीत, कुर्सी दौड़, अंत्याक्षरी सहित विभिन्न रंगारंग गतिविधियों में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इस दौरान 40 वर्ष की शैक्षिक सेवा पूरी कर इस वर्ष प्रधानाचार्या पद से सेवानिवृत्त हुईं श्रीमती ममता शर्मा को अंगवस्त्र एवं स्मृतिचिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण 95 वर्षीय अम्मा जगवती देवी की प्रेरक उपस्थिति रही। उन्होंने युवा महिलाओं को स्वयं पारंपरिक तीज नृत्य करके सिखाया और तीज के लोकगीत सुनाकर सभी को भावविभोर कर दिया। उनकी ऊर्जा और उत्साह ने कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं का मन मोह लिया।
सम्मानित ममता शर्मा ने अभिनंदन के लिए सभी बहनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सावन माह में प्रकृति की हरियाली जीवन में प्रसन्न रहने का संदेश देती है। पूर्व प्रधानाचार्या सुदेश शर्मा ने तीज की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति के उत्सव केवल औपचारिक आयोजन नहीं हैं, बल्कि समाज में समता, समरसता, सहयोग और समन्वय की भावना को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम अध्यक्ष दीपा कौशिक ने कहा कि भारतीय ब्राह्मण समाज रुड़की की महिला शाखा प्रतिवर्ष हरियाली तीज और होली मिलन जैसे कार्यक्रम उत्साह के साथ आयोजित करती है। उन्होंने बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल हुई महिलाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मिल-जुलकर उत्सव मनाने की परंपरा भारतीय संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है।
इस अवसर पर संरक्षक सुदेश शर्मा, ममता शर्मा, अनीता शर्मा, नीलम शर्मा, मिथलेश शर्मा, अध्यक्ष दीपा कौशिक, महामंत्री पुष्पा शर्मा, कोषाध्यक्ष रीमा शर्मा सहित प्रतिभा शर्मा, दया शर्मा, सुनंदा शर्मा, अलका कपिल, अर्चना शुक्ला, नीरा भारद्वाज, वर्षा शर्मा, अखिलेश पराशर, विन्तेश कौशिक, अरुणिमा शर्मा, बबली शर्मा, वन्दना शर्मा, शालिनी शर्मा, ऊषा शर्मा, सीमा शर्मा, प्रिया शर्मा, ईशा शर्मा, रचना शर्मा, अलका शर्मा, राची शर्मा, अनीता कौशिक, प्रभा शर्मा, निशा शर्मा, तान्या शर्मा, राधा शर्मा, शालू शर्मा, भावना शर्मा, संजना शर्मा, नेहा शर्मा, आँचल भारद्वाज सहित अनेक महिलाएं मौजूद रहीं।
© Roorkee Aapki Aawaj. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies